Holi Holiday 2026: रंगों का त्योहार होली नजदीक है। लेकिन इस बार भी तारीख को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। कोई 3 मार्च को होली बता रहा है तो कोई 4 मार्च को धुलेंडी मनाने की बात कर रहा है। इस असमंजस का असर खासकर ऑफिस और सरकारी कर्मचारियों पर पड़ रहा है। क्योंकि वे जानना चाहते हैं कि सरकारी अवकाश आखिर कब रहेगा। होली की छुट्टी राज्यों के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार तय होती है, लेकिन इस बार तारीखों के अंतर ने स्थिति को उलझा दिया है।
मध्यप्रदेश में छुट्टी को लेकर विवाद
मध्यप्रदेश में इस बार होली की छुट्टी को लेकर विशेष स्थिति बन गई है। जानकारी के अनुसार, धुलेंडी का पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा, जबकि सरकारी कैलेंडर में 3 मार्च को होली का अवकाश घोषित किया गया है। यही कारण है कि कर्मचारी संगठनों ने अवकाश की तारीख में बदलाव की मांग उठाई है।
कर्मचारियों ने उठाई मांग
मप्र अधिकारी कर्मचारी एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष एमपी द्विवेदी ने शासन से अपील की है कि 3 मार्च को घोषित अवकाश निरस्त कर 4 मार्च को छुट्टी घोषित की जाए। उनका कहना है कि 3 मार्च को ग्रहण की स्थिति के कारण होली का मुख्य पर्व 4 मार्च को मनाया जाएगा, इसलिए अवकाश भी उसी दिन होना चाहिए। यह मांग तेजी से चर्चा में है और कर्मचारी वर्ग सरकार के फैसले का इंतजार कर रहा है।
सरकारी कैलेंडर क्या कहता है?
मध्यप्रदेश के सरकारी कैलेंडर 2026 के अनुसार 3 मार्च को होली की छुट्टी तय की गई है। इस आधार पर सभी सरकारी विभागों, स्कूलों और कार्यालयों में 3 मार्च को अवकाश रहेगा। हालांकि 4 मार्च को धुलेंडी मनाई जाएगी, लेकिन फिलहाल उस दिन शासकीय अवकाश घोषित नहीं है।
मार्च में कुल कितनी छुट्टियां?
मार्च 2026 सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टियों से भरा महीना रहने वाला है। सरकारी कैलेंडर के अनुसार मार्च में 03, 19, 20, 21, 27 और 31 मार्च को अवकाश रहेगा। इन तारीखों पर मनाए जाने वाले प्रमुख पर्व इस प्रकार हैं:
- 3 मार्च – होली
- 19 मार्च – गुड़ी पड़वा
- 20 मार्च – चैती चांद
- 21 मार्च – ईद-उल-फित्र
- 27 मार्च – राम नवमी
- 31 मार्च – महावीर जयंती
इन सभी अवसरों पर सरकारी कार्यालय, स्कूल और बैंक बंद रहेंगे।
14 दिन बंद रहेंगे कार्यालय
मार्च महीने में शनिवार और रविवार को मिलाकर कुल 14 दिन ऑफिस बंद रहेंगे। मार्च में 9 शनिवार-रविवार की छुट्टियां हैं और 6 त्यौहारों की छुट्टियां। हालांकि इनमें से एक छुट्टी शनिवार के साथ पड़ रही है, इसलिए कुल 14 दिन कार्यालयों में ताला रहेगा। इस तरह मार्च में केवल 17 दिन ही कार्य दिवस रहेंगे।
फरवरी और जुलाई की तुलना
फरवरी और जुलाई में शनिवार-रविवार के अलावा कोई अतिरिक्त छुट्टी नहीं है। जुलाई महीने में सबसे ज्यादा 23 दिन ऑफिस खुले रहेंगे। इसके मुकाबले मार्च में कामकाजी दिनों की संख्या कम रहेगी।
कर्मचारियों की चिंता क्यों?
कर्मचारियों की चिंता इस बात को लेकर है कि यदि होली 4 मार्च को मनाई जाएगी और छुट्टी 3 मार्च को रहेगी, तो उन्हें पर्व वाले दिन काम पर जाना पड़ सकता है। इसी कारण कर्मचारी संगठनों ने छुट्टी की तारीख बदलने की मांग रखी है।
आगे क्या हो सकता है?
फिलहाल सरकार की ओर से अवकाश में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। यदि शासन कर्मचारियों की मांग पर विचार करता है, तो कैलेंडर में संशोधन संभव है। जब तक नया आदेश जारी नहीं होता, तब तक 3 मार्च को ही होली का शासकीय अवकाश माना जाएगा।






