Inverter AC vs Non Inverter AC: आज के समय में एयर कंडीशनर केवल एक लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है। गर्मियों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला जाता है। ऐसे में सही AC का चुनाव करना बेहद जरूरी हो जाता है। अगर बिना जानकारी के AC खरीद लिया जाए, तो बाद में बिजली बिल, मेंटेनेंस खर्च और कूलिंग से जुड़ी परेशानियां सामने आ सकती हैं। इसलिए इनवर्टर और नॉन-इनवर्टर AC के बीच का फर्क समझना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
इनवर्टर AC क्या होता है?
इनवर्टर AC नई तकनीक पर आधारित होता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसका कंप्रेसर जरूरत के हिसाब से अपनी स्पीड बदल सकता है। यानी अगर कमरे का तापमान ज्यादा है तो यह तेज चलेगा और जैसे-जैसे कमरा ठंडा होता जाएगा, यह अपनी स्पीड कम कर देगा। आप एक इनवर्टर AC के कंप्रेसर को उसकी 100% क्षमता के अलावा 40%, 60% या 80% पर भी चला सकते हैं। इसका मतलब यह है कि यह लगातार ऑन-ऑफ नहीं होता, बल्कि धीरे-धीरे अपनी स्पीड एडजस्ट करता है। यही वजह है कि इसे ज्यादा एडवांस और स्मार्ट तकनीक माना जाता है। इसके अलावा इनवर्टर AC आमतौर पर हल्के और कॉम्पैक्ट डिजाइन में आते हैं। जिससे इन्हें इंस्टॉल करना भी आसान होता है।
नॉन-इनवर्टर AC कैसे काम करता है?
नॉन-इनवर्टर AC पुरानी तकनीक पर आधारित होते हैं। इनमें कंप्रेसर या तो पूरी ताकत से चलता है या पूरी तरह बंद हो जाता है। जब आप तापमान सेट करते हैं, तो यह तब तक पूरी क्षमता से काम करता रहता है, जब तक कमरा उस तापमान तक नहीं पहुंच जाता। जैसे ही सेट तापमान हासिल हो जाता है, कंप्रेसर बंद हो जाता है। तापमान बढ़ते ही फिर से पूरी पावर से चालू हो जाता है। इस लगातार ऑन-ऑफ प्रक्रिया के कारण बिजली की खपत ज्यादा होती है और मशीन पर दबाव भी बढ़ता है। इसके अलावा नॉन-इनवर्टर AC आकार में अपेक्षाकृत बड़े और भारी होते हैं।
बिजली की बचत में कौन आगे?
अगर आपका मकसद कम बिजली बिल है, तो इनवर्टर AC आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। चूंकि इसका कंप्रेसर जरूरत के अनुसार स्पीड बदलता है। इसलिए यह अनावश्यक बिजली की खपत नहीं करता। कम स्पीड पर चलने की वजह से इनवर्टर AC ऊर्जा की बचत करता है और लंबे समय में बिजली बिल को कम रखने में मदद करता है। इसके विपरीत नॉन-इनवर्टर AC हर बार पूरी पावर से चलता है। जिससे बिजली की खपत ज्यादा होती है। अगर आपका AC लंबे समय तक चलता है, तो यह अंतर आपके बिल में साफ दिखाई देगा।
कूलिंग के मामले में कौन बेहतर?
कूलिंग की बात करें तो दोनों ही AC अच्छे हैं। हालांकि अगर आपको बड़े कमरे को जल्दी ठंडा करना है, तो नॉन-इनवर्टर AC कुछ मामलों में बेहतर साबित हो सकता है। चूंकि यह पूरी क्षमता से लगातार चलता है, इसलिए कमरे को तेजी से ठंडा करता है। लेकिन ध्यान रहे कि यह प्रक्रिया ज्यादा बिजली खर्च करती है। वहीं इनवर्टर AC कमरे का तापमान स्थिर बनाए रखता है। यह धीरे-धीरे कूलिंग करता है, जिससे कमरे में एक समान ठंडक बनी रहती है।
शोर किसमें कम होता है?
अगर आपको शोर से परेशानी होती है, तो इनवर्टर AC आपके लिए बेहतर रहेगा। इसका कंप्रेसर लगातार ऑन-ऑफ नहीं होता, इसलिए आवाज बहुत कम आती है। जबकि नॉन-इनवर्टर AC में हर बार कंप्रेसर स्टार्ट या बंद होने पर तेज आवाज सुनाई देती है। खासकर रात के समय यह आवाज परेशान कर सकती है। इसलिए बेडरूम या स्टडी रूम के लिए आमतौर पर इनवर्टर AC को ज्यादा पसंद किया जाता है।
लाइफ और मेंटेनेंस का फर्क
दोनों तरह के AC आमतौर पर अच्छी लाइफ के साथ आते हैं और कंपनी की वारंटी भी मिलती है। लेकिन इनवर्टर AC में एक अतिरिक्त पार्ट होता है जिसे PCB (Printed Circuit Board) कहा जाता है। कई बार इस PCB में खराबी आ सकती है और इसे ठीक कराने में अधिक खर्च आ सकता है। यही कारण है कि अब कई कंपनियां PCB पर अलग से 5 साल की गारंटी देने लगी हैं। नॉन-इनवर्टर AC में ऐसी जटिल PCB नहीं होती। इसलिए इसमें खराबी के चांस थोड़े कम माने जाते हैं। साथ ही इसके पार्ट्स आसानी से उपलब्ध होते हैं और रिपेयरिंग भी अपेक्षाकृत सस्ती होती है।
किसके लिए कौन सा AC सही?
अगर आप रोजाना लंबे समय तक AC चलाते हैं और बिजली बिल को लेकर चिंतित हैं, तो इनवर्टर AC बेहतर विकल्प है। यह कम शोर करता है और ऊर्जा की बचत भी करता है। लेकिन अगर आपका बजट सीमित है और आप AC का इस्तेमाल कम समय के लिए करते हैं, तो नॉन-इनवर्टर AC भी सही विकल्प हो सकता है। इसकी शुरुआती कीमत आमतौर पर कम होती है। आखिर में चुनाव आपकी जरूरत, बजट और इस्तेमाल के तरीके पर निर्भर करता है।






