Gold Price Today: सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन आज बाजार खुलते ही जबरदस्त तेजी देखने को मिली। ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर मोड़ दिया है। इसी का नतीजा है कि सोना एक बार फिर मजबूती के साथ ऊपर चढ़ा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का वायदा भाव 3.15% बढ़कर 5,107 रुपये उछल गया और यह 1,67,211 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। पिछले कारोबारी दिन यह 1,61,971 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
केवल घरेलू बाजार ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 2.1% बढ़कर 5,387.55 डॉलर प्रति औंस हो गया, जो जनवरी के अंत के बाद से सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2.8% बढ़कर 5,394.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। यह संकेत देता है कि वैश्विक स्तर पर निवेशक जोखिम से बचने के लिए सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं।
क्या फिर बनेगा नया रिकॉर्ड?
गौरतलब है कि वायदा बाजार में सोना 29 जनवरी को 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंचा था। मौजूदा तेजी को देखते हुए बाजार विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यदि भू-राजनीतिक तनाव जारी रहता है तो सोना फिर रिकॉर्ड स्तर छू सकता है।
दिल्ली और सर्राफा बाजार का हाल
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है। वहीं गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट का भाव 1,73,240 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। IBJA के आंकड़ों के अनुसार सोमवार सुबह तक सोना 1,59,097 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था।
IBJA के अनुसार कैरेटवार ताजा भाव
- 24 कैरेट: ₹1,59,097 प्रति 10 ग्राम
- 23 कैरेट: ₹1,58,460 प्रति 10 ग्राम
- 22 कैरेट: ₹1,45,733 प्रति 10 ग्राम
- 18 कैरेट: ₹1,19,323 प्रति 10 ग्राम
- 14 कैरेट: ₹93,072 प्रति 10 ग्राम
ये दरें सुबह के स्तर पर आधारित हैं और दिन में बदलाव संभव है।
शहरवार सोने का ताजा भाव
दिल्ली – 24K: ₹1,73,240 | 22K: ₹1,58,810 | 18K: ₹1,29,970
मुंबई – 24K: ₹1,73,090 | 22K: ₹1,58,660 | 18K: ₹1,29,820
कोलकाता – 24K: ₹1,73,090 | 22K: ₹1,58,660 | 18K: ₹1,29,820
चेन्नई – 24K: ₹1,72,100 | 22K: ₹1,57,760 | 18K: ₹1,35,010
लखनऊ – 24K: ₹1,73,240 | 22K: ₹1,58,810 | 18K: ₹1,29,970
जयपुर – 24K: ₹1,73,240 | 22K: ₹1,58,810 | 18K: ₹1,29,970
अहमदाबाद – 24K: ₹1,73,140 | 22K: ₹1,58,710 | 18K: ₹1,29,870
हैदराबाद – 24K: ₹1,73,090 | 22K: ₹1,58,660 | 18K: ₹1,29,820
(अन्य शहरों में भी लगभग इसी स्तर पर कीमतें दर्ज की गईं।)
पिछले कारोबारी दिन का हाल
शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 1,800 रुपये की तेजी दर्ज की गई थी। 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,64,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 5,172.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा था।
वायदा बाजार में मजबूती
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी वाले अनुबंध में सोना 890 रुपये (0.56%) बढ़कर 1,60,599 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। न्यूयॉर्क के कॉमेक्स में सोने का वायदा भाव 0.26% बढ़कर 5,199.66 डॉलर प्रति औंस रहा। विश्लेषकों का मानना है कि ताजा ऑर्डर और नए सौदों के कारण कीमतों में मजबूती बनी हुई है।
विशेषज्ञों की राय
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, अमेरिकी व्यापार संरक्षणवाद, स्थिर डॉलर और पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने सोने को समर्थन दिया है। मिराए एसेट शेयरखान के प्रवीण सिंह का कहना है कि निवेशक अमेरिका-ईरान परमाणु समझौते को लेकर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं। भू-राजनीतिक अनिश्चितता के कारण सुरक्षित निवेश (Safe Haven) के रूप में सोने की मांग मजबूत बनी हुई है।






