Holi School Holiday 2026: इस साल होली किस दिन मनाई जाएगी—3 मार्च या 4 मार्च? इसे लेकर कई राज्यों में दुविधा की स्थिति बनी हुई है। अलग-अलग क्षेत्रों में पंचांग और स्थानीय परंपराओं के आधार पर होली की तारीख तय की गई है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि स्कूल किस दिन बंद रहेंगे। कई राज्यों में होली 3 मार्च को मनाई जा रही है, जबकि कुछ जगहों पर 4 मार्च को रंगों का त्योहार होगा। इसी कारण छुट्टियों का कैलेंडर भी अलग-अलग है।
उत्तर प्रदेश में तीन दिन का अवकाश
उत्तर प्रदेश में होली के अवसर पर बड़ा फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में 2 से 4 मार्च तक तीन दिन का आधिकारिक अवकाश घोषित किया है।
- 2 मार्च – होलिका दहन
- 3 मार्च – अवकाश
- 4 मार्च – रंगों की होली
चूंकि 1 मार्च रविवार है। इसलिए छात्रों और कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। यानी 1 से 4 मार्च तक स्कूल बंद रहेंगे।
दिल्ली में क्या रहेगा हाल?
दिल्ली में इस समय कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। हालांकि होली के दिन किसी भी तरह की परीक्षा निर्धारित नहीं है। अधिकांश निजी और सरकारी स्कूलों में 3 या 4 मार्च को अवकाश रहेगा। लेकिन अंतिम निर्णय संबंधित स्कूल प्रशासन पर निर्भर करेगा।
3 मार्च को किन राज्यों में छुट्टी?
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, असम, तेलंगाना, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, गोवा, झारखंड, केरल और आंध्र प्रदेश में 3 मार्च को होली मनाई जाएगी। इन राज्यों में 3 मार्च को स्कूलों में अवकाश रहेगा। बिहार के शिक्षा विभाग के आधिकारिक कैलेंडर में 3 और 4 मार्च दोनों दिन छुट्टी घोषित है।
4 मार्च को किन राज्यों में बंद रहेंगे स्कूल?
गुजरात, मिजोरम, ओडिशा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, छत्तीसगढ़, मेघालय और हिमाचल प्रदेश में 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। इन राज्यों में 4 मार्च को स्कूल बंद रहेंगे।
छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
राज्य स्तर पर छुट्टियों की घोषणा अलग-अलग हो सकती है। इसलिए अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कूल का आधिकारिक सर्कुलर जरूर जांच लें। अंतिम और सटीक जानकारी स्कूल प्रशासन या शिक्षा विभाग की वेबसाइट से ही मिलेगी।






