उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों का वेतन होली से पहले उनके खातों में पहुंच जाए। यह आदेश केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मी समेत हर श्रेणी के कर्मियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि वेतन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तीन दिन की छुट्टी, पहले आएगी सैलरी
प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर 2, 3 और 4 मार्च को अवकाश घोषित किया है। 3 मार्च 2026 को सभी कर्मचारियों को छुट्टी रहेगी। इसके साथ ही 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है, ताकि कामकाज संतुलित बना रहे। 1 मार्च को रविवार होने के कारण कर्मचारियों को कुल मिलाकर चार दिन का लंबा वीकेंड मिल सकता है। सरकार का मानना है कि समय पर वेतन मिलने से कर्मचारियों को त्योहार के दौरान आर्थिक और मानसिक सुकून मिलेगा।
बाजार में बढ़ेगी रौनक
त्योहार से पहले वेतन मिलने से बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि यह फैसला स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा देगा। होली जैसे बड़े त्योहार पर कपड़े, मिठाई, रंग और अन्य वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है।
यात्रियों के लिए विशेष बसें
होली पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने विशेष तैयारी की है। 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर दिल्ली और गाजियाबाद रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि जिन रूटों पर 60 प्रतिशत से अधिक लोड मिलेगा, वहां तुरंत अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।
बसों की पूरी उपलब्धता सुनिश्चित
अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निगम की सभी बसें सड़कों पर उपलब्ध रहें। अनुबंधित बसों के कर्मचारियों को पर्व अवधि में अवकाश नहीं दिया जाएगा। वाहन स्वामियों को मरम्मत कार्य समय से पूरा कर बसें संचालन के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा पर सख्ती
त्योहार के दौरान सड़क हादसों और जाम की आशंका को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा, ताकि नशे की हालत में वाहन संचालन रोका जा सके। बसों की तकनीकी जांच भी होगी। सीटें, खिड़कियों के शीशे और फायर सेफ्टी उपकरण की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बस स्टेशनों और बसों में स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान रहेगा।
कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना
होली के दौरान अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है।
- प्रतिदिन 300 किलोमीटर संचालन पर 360 रुपये प्रतिदिन, कुल 3600 रुपये
- 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी पर 450 रुपये प्रतिदिन, कुल 4500 रुपये तक
- निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर चलाने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त मानदेय
डिपो और कार्यशाला कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रोत्साहन तय किया गया है।
- 10 दिन लगातार ड्यूटी पर 2100 रुपये
- 9 दिन ड्यूटी पर 1800 रुपये
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
सरकार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और सेवा प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा।






